राज्य

भारी बारिश के कारण बस्तर संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नदियां उफान पर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारी बारिश के कारण बस्तर संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नदियां उफान पर

रायपुर, 26 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से हुई भारी बारिश के कारण राज्य के बस्तर संभाग सहित मध्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नदियां उफान पर हैं। बस्तर में इंद्रावती नदी खतरे के निशान से करीब दस फीट ऊपर बह रही है । धमतरी जिले में गंगरेल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं । यहां से छोड़े जा रहे पानी के कारण महानदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है ।

दुर्ग ज़िले मे शिवनाथ नदी भी उफान पर है । इसके कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं । राज्य के विभिन्न शहरों और नगरों की निचली बस्तियों में जल भराव की स्थिति बनी हुई है। दुर्ग और बस्तर सहित अनेक इलाकों में बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी का जलस्तर बनने के कारण कुम्हारी क्षेत्र में परसदा गांव के पास जल भराव की स्थिति बन गई , जिससे करीब 60 लोग बाढ़ में फस गए । इन्हें नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला । शिवनाथ नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है , जिससे इसके तटवर्ती इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है ।

ओड़िसा मे खातिगुडा बाँध के गेट खोल दिये गये हैं, इसके चलते इंद्रवती नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है । इससे रायपुर - जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सुकमा, बीजापुर मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है ।

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर सोनार पाल - काकड़ी घाट के पास पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है।

राजिम में भी त्रिवेणी संगम पर लगातार पानी की आवक होने से तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। राजिम बस स्टैंड में चार फीट तक पानी भर गया है। वहीं निचली बस्तियों में पानी भरने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।

राजधानी रायपुर में खारून नदी उफान पर है, महादेव घाट में पुल के तीन फीट ऊपर से पानी बह रहा है । नदी किनारे के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भिलाई की निचली बस्तियों में जल जमाव हो गया है।

प्रशासन ने इंद्रावती , महानदी और शिवनाथ सहित विभिन्न नदियों के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है

बारिश की स्थिति को देखते हुए राज्य शासन ने आज सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न बाढ़ और जल भराव की स्थिति को देखते हुए संबंधित जिलों के कलेक्टरों को पूरी सतर्कता के साथ राहत और बचाव कार्य चलनेे के निर्देश दिए हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।