भोपाल

भारी जुर्माने के विरोध में डंपर-ट्रक मालिकों का आंदोलन तेज

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारी जुर्माने के विरोध में डंपर-ट्रक मालिकों का आंदोलन तेज

चूनाभट्टी चौराहे पर धरना-चक्का जाम, महेश तोमर बोले—समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा व्यापक

भोपाल। भारी जुर्माने और कार्रवाई के विरोध में राजधानी भोपाल के डंपर एवं ट्रक मालिकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूकता सहायता समिति के बैनर तले चूनाभट्टी चौराहे पर डंपर एवं ट्रक संचालकों ने धरना देकर विरोध दर्ज कराया। आंदोलन के चलते कोलार रोड से सर्वधर्म पुल तक बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े किए गए, जिससे रेत, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री की ढुलाई प्रभावित होने की बात सामने आई है।

समिति के उपाध्यक्ष महेश तोमर ने बताया कि वाहन संचालक भारी जुर्माने की कार्रवाई से परेशान हैं। उनका कहना है कि परिवहन के दौरान वाहनों पर लाखों रुपये की शास्ति लगाए जाने से डंपर एवं ट्रक कारोबार से जुड़े लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संचालकों का आरोप है कि कई मामलों में चार लाख रुपये तक की शास्ति के साथ अतिरिक्त राशि भी वसूली जा रही है।

महेश तोमर ने कहा कि संगठन की ओर से प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखी गई हैं। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान संचालकों ने अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। प्रशासन की ओर से मांगों को संबंधित विभागों एवं उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने कहा कि डंपर एवं ट्रक मालिक किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान चाहते हैं। उनका कहना है कि यदि शासन-प्रशासन की ओर से उचित राहत और ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को भोपाल के अन्य क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा।

करीब दो हजार वाहनों के प्रभावित होने का दावा

संगठन का दावा है कि आंदोलन के कारण भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में करीब दो हजार डंपर-ट्रकों का संचालन प्रभावित हुआ है तथा बड़ी संख्या में संचालक आंदोलन में शामिल हैं। विभिन्न स्थानों पर वाहनों के खड़े होने से निर्माण सामग्री की आपूर्ति पर भी असर पड़ने की बात कही गई है।

महेश तोमर ने शासन-प्रशासन से मांग की कि डंपर एवं ट्रक संचालकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जुर्माने एवं कार्रवाई से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर उचित समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार करेगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।