भास्कर अपडेट्स:पुणे में नॉनवेज खाने को लेकर विवाद में बेटे की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार

पुणे के वारजे इलाके में नॉनवेज खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में 30 साल के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में युवक के 64 साल के पिता भगवत गायकवाड़ और 60 साल की मां पार्वती गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की रात की है। मृतक महेश गायकवाड़ कैजुअल वर्कर था और शराब पीने का आदी था।
वह अक्सर नशे में घर आकर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था। घटना वाली रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और रात के खाने में नॉनवेज मांगने लगा। पिता ने श्रावण महीने का हवाला देते हुए नॉनवेज देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
आरोप है कि गुस्से में पिता ने महेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महेश के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस का आरोप है कि महेश की मां ने भी पति की मदद करते हुए सबूत मिटाने की कोशिश की। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में सड़क हादसा, बुजुर्ग पिता और 23 साल के बेटे की मौत दिल्ली के नांगलोई में सूरजमल स्टेडियम के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने पिता-पुत्र की गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में 73 साल के राम सुजन शर्मा और उनके 23 साल के बेटे विश्वास शर्मा की मौत हो गई।
दोनों शास्त्री नगर में अपनी दुकान बंद कर किराड़ी सुलेमान नगर स्थित घर लौट रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
साइबर फ्रॉड में अपने बैंक अकाउंट के इस्तेमाल से परेशान महिला ने आत्महत्या की ठाणे में 38 साल की देविका अरुमुगम पंडारम ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, उन्हें पता चला था कि उनके बैंक अकाउंट का इस्तेमाल देशभर में कई साइबर फ्रॉड के मामलों में किया गया है।
पुलिस ने बताया कि राजस्थान के चूरू साइबर सेल की टीम 8 अगस्त को उनके डोंबिवली स्थित घर पहुंची थी। इसके बाद महिला काफी तनाव और चिंता में थीं।
📡 स्रोत: Dainik Bhaskar