भौतिक रूप से तैयार स्वास्थ्य संस्थानों में मैनपावर, उपकरण और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करें: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
स्वास्थ्य विभाग की अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा, शेष निर्माण कार्य 15 दिन में पूरा करने के निर्देश
भोपाल, 2 सितंबर 2026।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि भौतिक रूप से तैयार हो चुकी स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक मानव संसाधन, उपकरण और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा में उनका संचालन शुरू किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त तक प्रदेश में कुल 53 स्वास्थ्य संस्थाओं को संचालन के लिए तैयार किया जा चुका है। इनमें 37 उप स्वास्थ्य केंद्र (SHC), 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), 4 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) और 3 क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCHB) शामिल हैं।
संभागवार तैयार संस्थाओं में जबलपुर की 30, रीवा की 8, इंदौर की 6, भोपाल और उज्जैन की 3-3, ग्वालियर की 2 तथा सागर की एक स्वास्थ्य संस्था शामिल है। उप मुख्यमंत्री ने शेष लक्षित निर्माण कार्यों को आगामी 15 दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में 220 और स्वास्थ्य संस्थाओं को संचालन के लिए तैयार करने का लक्ष्य है। इनमें 167 उप स्वास्थ्य केंद्र, 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 6 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, 2 BPHU/PHU, 2 क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा एक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य/जिला अस्पताल (MCH/DH) शामिल है।
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित 220 संस्थाओं में से 179 में मानव संसाधन उपलब्ध है, जबकि 163 संस्थाओं में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं 61 संस्थाओं में उपकरण एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
विशेष रूप से फर्नीचर, उपकरण और मानव संसाधन की व्यवस्था में किसी तरह की देरी न हो, ताकि तैयार स्वास्थ्य संस्थाओं का संचालन निर्धारित समयसीमा में शुरू किया जा सके और लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में एमडी एमपीपीएचएससीएल मयंक अग्रवाल, अपर संचालक स्वास्थ्य मनोज सरियाम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।