राज्य

भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलिंग में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलिंग में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

अक्तूबर 30, मंडी (हिमाचल प्रदेश): जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी के तत्वावधान में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किलिंग में “भविष्य सेतु कार्यक्रम” के अंतर्गत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन करना था।

कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित रणनीति अपनाने, समय प्रबंधन करने तथा अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमन भारती ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया। कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल ने विद्यार्थियों को बारहवीं कक्षा के बाद कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार की संभावनाओं तथा इन क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं भविष्य निर्माण के अवसरों के बारे में जानकारी दी।

पंजाब नेशनल बैंक की ओर से आदर्श राणा ने आरसेटी संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाए जाते हैं।

इसके अतिरिक्त, बैंक द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध करवाए जाने वाले ऋण संबंधी सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की। प्रधानाचार्य राजेश सैनी ने जिला रोजगार कार्यालय, मंडी तथा कार्यक्रम में शामिल सभी विभागों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन को उनके करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।