भव्य शोभायात्रा से गूंजा काज़ा, शुरू हुआ ऐतिहासिक लादरचा मेला
अगस्त 25, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): स्पीति के काज़ा में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय लादरचा मेले का भव्य शुभारंभ हो गया हैं। इस अवसर पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने काज़ा गोंपा से लादरचा मेला मैदान तक निकली शोभायात्रा में शामिल होकर मेले का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा में विभिन्न गोंपाओं के लामा-चोमो, स्थानीय लोग, सांस्कृतिक दल और कलाकार शामिल हुए। विधायक लाहौल-स्पीति ने भगवान बुद्ध के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत आगाज़ किया। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं और आपसी भाईचारे व सौहार्द को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विधायक ने महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। वहीं बुचेन नृत्य, टशी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। लादरचा मेले का शुभारंभ स्पीति की धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं के भव्य संगम के रूप में हुआ है।