भोपाल

BHEL कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री से मिला BMS महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 14 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
BHEL कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री से मिला BMS महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

इंसेंटिव बढ़ाने से लेकर अनुकंपा नियुक्ति, आवासीय प्लॉट और अस्पतालों में नियमित स्टाफ की भर्ती की मांग उठाई

भोपाल। अखिल भारतीय BMS भेल महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने 13 सितंबर 2026 को केंद्रीय राज्य मंत्री, भारी उद्योग एवं इस्पात भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा से मुलाकात कर BHEL की विभिन्न इकाइयों में कर्मचारियों के सामने आ रही समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखते हुए इनके समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने BHEL कर्मचारियों को मिलने वाली इंसेंटिव राशि में वृद्धि करने की मांग रखी, ताकि वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप कर्मचारियों को अधिक प्रभावी प्रोत्साहन मिल सके। इसके साथ ही सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के पात्र आश्रितों के लिए अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया पुनः शुरू करने और इसके लिए स्थायी एवं पारदर्शी नीति लागू करने की मांग की गई।

BHEL की विभिन्न इकाइयों में खाली पड़ी भूमि का उपयोग करते हुए कर्मचारियों को रियायती दर पर आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वहीं, कोविड-19 के दौरान दिवंगत हुए BHEL कर्मचारियों के परिवारों को पूर्व में मिल रही पेंशनरूपी आर्थिक सहायता को दोबारा शुरू करने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अपनी-अपनी इकाइयों से संबंधित स्थानीय एवं कर्मचारी समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा। इसके अलावा BHEL में भर्ती होने वाले नए कर्मचारियों को A3 का प्रारंभिक बेसिक देने तथा इंजीनियर और सुपरवाइजर ट्रेनी की तर्ज पर वेतन व्यवस्था करने की मांग की गई।

BHEL अस्पतालों में नियमित पैरा-मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की भर्ती का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त नियमित चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी है।

बैठक में BHEL भोपाल के महामंत्री कमलेश नागपुरे, PSENC के उप महामंत्री विनोद कुमार विसे, BHEL BMS महासंघ के अध्यक्ष ओ.पी. शुक्ला, महामंत्री इंद्रपाल शर्मा तथा वाराणसी यूनिट के अध्यक्ष शंकर दयाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

भारतीय मजदूर संघ एवं BHEL महासंघ ने उम्मीद जताई कि कर्मचारी हित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।