भोपाल

BHEL की नगर सलाहकार समिति में टाउनशिप की समस्याओं पर उठे सवाल

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 24 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

बरखेड़ा नेबरहुड की धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी, लंबित कार्यों के शीघ्र निराकरण की मांग

भोपाल। BHEL भोपाल की नगर सलाहकार समिति की बैठक में टाउनशिप और बरखेड़ा नेबरहुड से जुड़ी समस्याओं को लेकर सदस्यों ने मुद्दे उठाए। HESTU HMS की ओर से एस. सेन्थिल कुमार, छोटेलाल कोरी और मनीष ठेकरे ने कर्मचारियों एवं टाउनशिपवासियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को समिति के समक्ष रखा और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

बैठक में बरखेड़ा नेबरहुड की कार्यप्रणाली को लेकर एस. सेन्थिल कुमार ने नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित कार्यों और व्यवस्थागत समस्याओं को बिंदुवार समिति के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और रहवासियों से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सके।

बैठक में छोटेलाल कोरी और मनीष ठेकरे ने BHEL टाउनशिप में कर्मचारियों एवं रहवासियों को होने वाली विभिन्न परेशानियों का मुद्दा उठाया। मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

पिछली बैठक के निर्णयों और मिनट्स में दर्ज बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। सदस्यों ने संबंधित मामलों में अब तक हुई कार्रवाई और प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित मामलों को आगे बढ़ाकर उनके निराकरण पर जोर दिया।

HESTU HMS पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों और टाउनशिपवासियों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर लगातार उठाया जाता रहेगा। संगठन ने कहा कि समस्याओं का समाधान केवल बैठकों और चर्चाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।