भीलवाड़ा में भाजपा की चुनावी रणनीति पर मंथन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भीलवाड़ा भाजपा कार्यालय में पंचायत चुनाव को लेकर अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने प्रत्याशी चयन, चुनावी तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।
भीलवाड़ा, 5 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अजमेर संभाग पंचायत चुनाव प्रभारी एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी बुधवार को भीलवाड़ा भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
चतुर्वेदी ने जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक गोपीचंद मीणा, जब्बर सिंह सांखला, उदय लाल भडाणा, लालाराम बैरवा और पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चतुर्वेदी ने कहा कि पंचायत राज चुनाव की घोषणा हो चुकी है और इसी को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा सहित प्रदेश में भाजपा ने पहले भी पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया है और इस बार भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में पहले चरण में चुनाव होना है और 8 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। प्रत्येक पंचायत समिति के लिए एक संयोजक तथा जिला परिषद के प्रत्येक वार्ड के लिए संयोजक और प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश स्तर से भी प्रत्येक पंचायत समिति के लिए प्रभारी नियुक्त किया जाएगा।
प्रत्याशी चयन पर भी चर्चा
प्रत्याशी चयन को लेकर चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श और आमजन से सुझाव लेने के बाद भाजपा की जिला कोर समिति प्रत्याशियों के नाम प्रस्तावित करेगी। पंचायत समिति के प्रत्याशियों का अंतिम निर्णय संभाग स्तर पर, जबकि जिला परिषद प्रत्याशियों का अंतिम निर्णय प्रदेश चुनाव समिति द्वारा किया जाएगा।
निर्दलीय नामांकन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट हैं। कई बार उत्साह में कार्यकर्ता नामांकन दाखिल कर देते हैं, लेकिन पार्टी के निर्णय के बाद अधिकांश लोग नाम वापस भी लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी संगठन एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगा।
प्रशासन पर बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना
पूर्व मंत्री रामलाल जाट के बयान पर चतुर्वेदी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन किसी राजनीतिक दल के हिसाब से काम नहीं करता। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी नियम-कानून तथा निर्वाचन व्यवस्था के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस तंत्र निर्वाचन आयोग के नियंत्रण में रहता है। उनके अनुसार निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव भी निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के तहत कराए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की मजबूती के सवाल पर चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा का संगठन गांवों तक मजबूत है और पार्टी पंचायत चुनाव में भी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय करेगी। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी और हर कार्यकर्ता के लिए काम के सिद्धांत के साथ चुनाव में उतरने की तैयारी है।
चतुर्वेदी ने कहा कि पंचायतों को लेकर भाजपा की ओर से जल्द ही संकल्प पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के साथ एकजुट होकर काम करने और चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में जुटने का आह्वान किया।
बाइट – अरूण चतुर्वेदी, चुनाव प्रभारी, अजमेर संभाग पंचायत एवं अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग