भिंड- पिकअप-डंपर की भिड़ंत में 8 मजदूरों की मौत, 23 घायल

बताया गया है कि हादसा सोमवार देररात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाइवे पर बैठी गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन को मोड़ा। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई मजदूर वाहन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया , जबकि तीन मजदूरों की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम, चोराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव, गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाहा और ऐंडोरी थाना प्रभारी विवेक प्रभात सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही डायल-108 की पांच एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा डायल-112 की मदद से भी घायलों को बाहर निकालकर गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
हादसे का शिकार हुए मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पछगवां और आसपास के गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के पास चिनौर गांव में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद मजदूर पिकअप वाहन से अपने गांवों के लिए रवाना हुए थे। घायल नंदलाल पुत्र छेन बिहारी बताया कि पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांव के थे।
हादसे की जानकारी देते हुए भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भिण्ड जिले के गोहद चौराहा क्षेत्र में ग्राम छीमका के समीप भिण्ड ग्वालियर हाईवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में उ.प्र. के लखीमपुर खीरी के 8 श्रमिकों के असामयिक निधन एवं 23 श्रमिकों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार तथा सभी आवश्यक कार्रवाई तत्परता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।