भोपाल में AAP की जन आक्रोश रैली, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रेलवे स्टेशन से प्रभात चौराहे तक निकली रैली, सैकड़ों कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ निकली रैली, ‘भाजपा हटाओ, भोपाल बचाओ’ के नारे लगाए
भोपाल, 27 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के विरोध में आम आदमी पार्टी द्वारा राजधानी भोपाल में जन आक्रोश रैली आयोजित की गई। रैली भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से शुरू होकर प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे तक निकाली गई। रैली का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने किया।
रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारी, युवा, छात्र, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा हटाओ, भोपाल बचाओ’ के नारे लगाए।
रैली को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता भाजपा से मुक्ति चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 वर्षों में प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ है। उन्होंने भोपाल की सड़कों की स्थिति, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अस्पतालों में डॉक्टर व दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए।
तोमर ने दिल्ली के केजरीवाल मॉडल और मध्यप्रदेश के भाजपा मॉडल की तुलना करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, महिला सुरक्षा, बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों में एसी क्लासरूम, स्विमिंग पूल, लैब, लाइब्रेरी और स्मार्ट बोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक और पॉलीक्लिनिक के माध्यम से मुफ्त डॉक्टर, जांच और दवाओं की सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने दिल्ली में बिजली और पानी से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त और 400 यूनिट तक आधी दर पर उपलब्ध है। महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त होने, बसों में सीसीटीवी, मार्शल और पैनिक बटन की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना और व्यापारियों से जुड़े नीतिगत बदलावों का हवाला दिया।
भोपाल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तोमर ने आरोप लगाया कि निगम ने जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाया है। उन्होंने 10 प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स और 18 प्रतिशत सीवेज फीस बढ़ाने का दावा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि 1.82 लाख बड़ी प्रॉपर्टी ऐसी हैं, जो नगर निगम के रिकॉर्ड में नहीं हैं और उनसे टैक्स नहीं लिया जा रहा है।
तोमर ने आरोप लगाया कि बड़े बिल्डरों के प्रति नरमी और छोटे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस तरह की व्यवस्था का विरोध करेगी।
जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश को भी केजरीवाल की गारंटी चाहिए। उन्होंने कहा कि भोपाल की यह जन आक्रोश रैली शुरुआत है और आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी प्रदेश के हर जिले में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन करेगी।