भोपाल - अपहरण की घटनाओं पर मध्यप्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भिण्ड में CCTV एवं साइबर तकनीक की मदद से व्यापारी को चंबल के बीहड़ से सकुशल कराया मुक्त ग्वालियर में मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहाड़ी क्षेत्र में बंधक बनाए गए युवक को कराया मुक्त
भोपाल - मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं अपहृत व्यक्तियों की सकुशल दस्तयाबी के लिए त्वरित, तकनीकी एवं समन्वित पुलिसिंग के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में ग्वालियर एवं भिण्ड जिले में पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण की दो गंभीर घटनाओं में अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
दोनों मामलों में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज, साइबर सेल एवं मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए कम समय में कार्रवाई को अंजाम दिया। भिण्ड—व्यापारी का अपहरण, चंबल के बीहड़ से सकुशल कराया मुक्त
जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में 1 सितंबर की शाम सदर बाजार स्थित दुकान से एक व्यापारी का पुराने रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद तीन आरोपियों द्वारा मारपीट एवं धमकी देकर काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से जबरन अपहरण कर लिया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस की टीमें गठित कर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा साइबर सेल की तकनीकी सहायता से फरियादी एवं आरोपियों की गतिविधियों और रूट का पता लगाया गया।
प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए तहसील अटेर के बीहड़ क्षेत्र से अपहृत व्यापारी को सुरक्षित एवं सकुशल दस्तयाब किया। इसके बाद अपहृत व्यापारी के बताए अनुसार आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर सूचना के आधार पर थाना अटेर क्षेत्र के चंबल बीहड़ से वारदात में शामिल तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन भी जब्त किया गया। ग्वालियर- फिरौती के लिए युवक का अपहरण, पहाड़ी क्षेत्र से सकुशल मुक्त कराया
ग्वालियर में 31 अगस्त 2026 को वीरू कर्ण के घर से लापता होने की सूचना पर थाना ग्वालियर में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
विवेचना के दौरान आरोपियों के मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम शिवपुरी जिले के ग्राम लक्ष्मीपुरा पहुंची। तकनीकी साक्ष्यों से अपहृत युवक के पहाड़ी क्षेत्र में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने रात्रि से सुबह तक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया और वीरू कर्ण को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
अपहृत के कथन के आधार पर पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार की गई। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। तकनीक और मैदानी पुलिसिंग के समन्वय से त्वरित सफलता
दोनों मामलों में मध्यप्रदेश पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर एवं तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, मुखबिर तंत्र और मैदानी सर्चिंग का प्रभावी समन्वय करते हुए अपहृत व्यक्तियों को सुरक्षित दस्तयाब किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली तथा अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हुई है।