भोपाल में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 4 पिस्टल और देशी कट्टा समेत 12 हथियार सामग्री बरामद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
हनुमानगंज पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 5 मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस भी जब्त; पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
भोपाल, 4 नवंबर 2026। भोपाल के थाना हनुमानगंज पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 पिस्टल, एक देशी कट्टा, 5 मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मिलकर अवैध हथियारों की तस्करी करते थे। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर किसी वारदात की फिराक में है। सूचना पर हनुमानगंज पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 पिस्टल, 2 मैगजीन और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी की पहचान फरमान मोहम्मद (32), निवासी तलैया, भोपाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथी अतीक उर्फ बब्लू के बारे में जानकारी दी और बताया कि दोनों अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल थे।
दूसरे आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस ने फरमान की निशानदेही पर अतीक उर्फ बब्लू (49), निवासी ऐशबाग, भोपाल को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से 2 पिस्टल, एक देशी कट्टा, 3 मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 613/26 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। हथियारों की आपूर्ति के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ एवं विवेचना जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अतीक उर्फ बब्लू के विरुद्ध वर्ष 2006 में ऐशबाग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी एक प्रकरण दर्ज है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक भगवान सिंह वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद युसुफ, आरक्षक आशीष त्यागी, प्रशांत शर्मा, सागर डोंगरे और सचिन यादव की सराहनीय भूमिका रही।