अपराध

भोपाल में बदमाशों का आतंक, घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 29 अगस्त 2026 👁️ 9 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल में बदमाशों का आतंक, घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत

भोपाल। राजधानी भोपाल में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। कोलार थाना क्षेत्र में देर रात अजय बैरागी के घर के बाहर नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया। कार के शीशे पर भी गोली लगने की बात सामने आई है, जबकि वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें नकाबपोश बदमाश घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।

फरियादी का आरोप—शिकायत लेकर थाने पहुंचा, नहीं हुई तत्काल FIR

घटना के बाद फरियादी अजय बैरागी शिकायत लेकर थाने पहुंचा। फरियादी का आरोप है कि उसने रात में ही पुलिस को घटना की जानकारी दी और एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई, लेकिन उसकी शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय उसे वापस भेज दिया गया।

फरियादी के मुताबिक, थाना प्रभारी ने कथित तौर पर उससे कहा कि “रात में डिस्टर्ब मत करो, दोपहर 12 बजे थाने आना।” हालांकि इस आरोप की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने चुनौती

फायरिंग करते हुए बदमाशों का कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।

भोपाल पुलिस द्वारा लगातार बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के बावजूद इस तरह खुलेआम फायरिंग की वारदात ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर हैं कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कब तक होती है और फायरिंग करने वाले बदमाशों पर कानून का शिकंजा कब तक कसता है।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

भोपाल की इस दहशत भरी घटना से हमें यह सिखने को मिलता है कि हिंसा कभी समाधान नहीं होती। यदि कोई विवाद या शिकायत हो, तो कानूनी मार्ग अपनाएँ, पुलिस को सूचित करें और शांतिपूर्ण संवाद की कोशिश करें। समाज के हर सदस्य को अपनी सुरक्षा के लिये सामूहिक जागरूकता बढ़ानी चाहिए—सुरक्षा गार्ड, पड़ोसी निगरानी और आपसी सहयोग से हम अपराध को रोक सकते हैं। इस घटना से प्रभावित सभी को हम संवेदना और साहस की शुभकामनाएँ देते हैं।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।