भोपाल

भोपाल में बाल कैंसर पर प्रशिक्षण कार्यशाला, समय पर स्क्रीनिंग और रेफरल पर जोर

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 26 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

भोपाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और कैनकिड्स किड्सकैन के संयुक्त प्रयास से बाल कैंसर की स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान, रेफरल और उपचार विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला का उद्देश्य RBSK मेडिकल अधिकारियों, ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों सहित जिला और ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों की क्षमता को मजबूत करना रहा, ताकि कैंसर से संदिग्ध बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार के लिए रेफर किया जा सके।

तकनीकी सत्रों में पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नरेंद्र चौधरी और एम्स भोपाल की सीनियर रेजिडेंट डॉ. मेघा धवन ने बाल कैंसर के शुरुआती लक्षण, स्क्रीनिंग प्रक्रिया, समय पर पहचान और प्रभावी रेफरल व्यवस्था की जानकारी दी।

कैनकिड्स किड्सकैन के स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर सौरभ सिंह चौहान ने संस्था की ओर से कैंसर पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को दी जाने वाली सहायता के बारे में बताया। इसमें उपचार, पोषण, शिक्षा, मनोसामाजिक परामर्श, आवास और शासकीय योजनाओं से जोड़ने जैसी सेवाएं शामिल हैं।

कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने बाल कैंसर से प्रभावित बच्चों की शीघ्र पहचान और 100 प्रतिशत निःशुल्क स्क्रीनिंग, जांच, रेफरल, उपचार एवं समग्र देखभाल सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

अधिकारियों के मुताबिक यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य तंत्र की क्षमता बढ़ाने और बाल कैंसर के बेहतर उपचार परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।