भोपाल में अवैध हथियार बनाने वाले आरोपी पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, दुकान से छुरियां और मशीनरी जब्त
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तलैया क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 'फाइन शार्पिंग शॉप' नामक दुकान की आड़ में धारदार लोहे की छुरियां बनाने और बेचने का काम कर रहा था। कार्रवाई के दौरान दुकान से 12 बड़ी धारदार छुरियां, 6 बिना धार की ब्लेड, 7 अन्य लोहे की ब्लेड और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी व उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शहर में अवैध हथियारों की तस्करी और निर्माण पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बैंड मास्टर तिराहा के आगे बुधवारा, तलैया क्षेत्र में संचालित 'फाइन शार्पिंग शॉप' में बड़ी धारदार लोहे की छुरियां तैयार कर बिक्री की जा रही हैं।
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और दुकान पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रफत अली पिता शराफत अली, उम्र 40 वर्ष, निवासी डी-72, खालिद मंजिल, डी सेक्टर, बाग उमराव दूल्हा, थाना ऐशबाग, भोपाल बताया। आरोपी ने दुकान का स्वयं संचालक होना भी स्वीकार किया।
तलाशी के दौरान दुकान से 12 नग बड़ी धारदार लोहे की छुरियां, छुरी बनाने के काम आने वाली मूठ लगी 6 बिना धार की लोहे की ब्लेड और 7 अन्य लोहे की ब्लेड बरामद हुईं। इसके साथ ही जमीन में स्थायी रूप से लगी बड़ी ग्राइंडर मशीन, धार लगाने वाली मशीन, ड्रिल मशीन, बड़ा कटर, हथौड़ी, निहाई, हैंड ग्राइंडर, दो इलेक्ट्रिक मोटर, पांच छैनी, आरी, प्लास, आरी फ्रेम, हैंड ग्राइंडर की तीन ब्लेड, दो फाइबर तथा छुरी की मूठ पर लगने वाली 50 रिविट सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी धारदार हथियारों के निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना क्राइम ब्रांच भोपाल में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 25(1AA) आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक इरशाद अंसारी, सहायक उपनिरीक्षक मो. सादिक, प्रधान आरक्षक विश्वजीत भार्गव, प्रधान आरक्षक मुजफ्फर, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह, प्रधान आरक्षक नारायण मीणा, आरक्षक मुकेश शर्मा एवं आरक्षक प्रदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
भोजपुर में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार निर्माण के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी ने फाइन शार्पिंग शॉप के नाम से छुरियों का उत्पादन और बिक्री की। यह कदम कानून व्यवस्था को मजबूत करने और हथियारों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। यदि इस तरह के अवैध कार्य सामान्य हो जाएँ तो समाज में हिंसा बढ़ सकती है और नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। जनता को यह संदेश देता है कि कानून के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है और ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।