भोपाल : डेंगू से बचाव के लिए 53 छात्रावासों में चला जन-जागरूकता अभियान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डेंगू से बचाव के लिए 53 छात्रावासों में चला जन-जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के बताए उपाय भोपाल जिले में डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जन-जागरूकता एवं वेक्टर नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती स्मृता नामदेव के निर्देशन में डेंगू निरोधक माह-2026 के अंतर्गत जिले के अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के 35 एवं ग्रामीण क्षेत्र के 18 सहित कुल 53 छात्रावासों में विद्यार्थियों को डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों के कारण, लक्षण और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा छात्रावास परिसरों में फीवर सर्वे, लार्वा सर्वे, लार्वा विनिष्टीकरण, आवश्यक छिड़काव तथा प्रचार-प्रसार संबंधी गतिविधियां भी की गईं। विद्यार्थियों को बताया गया कि घर, छात्रावास एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी का अनावश्यक जमाव न होने दें।
कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों एवं अन्य पात्रों में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।
साथ ही आसपास स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरदानी एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों का उपयोग करने तथा बुखार आने पर लापरवाही न बरतते हुए तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की समझाइश दी गई।
जिले में मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए नियमित रूप से सर्वेक्षण, लार्वा नियंत्रण एवं अन्य वेक्टर कंट्रोल गतिविधियां की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के सतत प्रयासों एवं जन-जागरूकता के परिणामस्वरूप इन मच्छरजनित बीमारियों के पॉजिटिव प्रकरणों में वर्ष-दर-वर्ष कमी दर्ज की जा रही है।
जिले में वर्तमान स्थिति नियंत्रण में है।