भोपाल - एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिए भोपाल में भारतीय निशानेबाजी टीम का विशेष तैयारी शिविर

एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों के लिए भोपाल में भारतीय निशानेबाजी टीम का विशेष तैयारी शिविर*
14 से 25 अगस्त तक आयोजित हो रहा विशेष कैंप, 18 शीर्ष निशानेबाजों सहित 36 सदस्यीय दल भोपाल में
भोपाल। 18 अगस्त।
एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से भोपाल में भारतीय निशानेबाजी टीम का विशेष तैयारी शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 14 से 25 अगस्त 2026 तक संचालित होगा। शिविर में देश के शीर्ष निशानेबाजों के साथ विदेशी एवं राष्ट्रीय कोच तथा विशेषज्ञ सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 36 सदस्यीय दल भाग ले रहा है।
9 पुरुष और 9 महिला निशानेबाज ले रहे हैं हिस्सा
विशेष तैयारी शिविर में कुल 18 एथलीट्स, जिसमें 9 पुरुष और 9 महिला निशानेबाज शामिल हैं। पुरुष वर्ग में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, केदारलिंग बालकृष्ण उचागवने, कमलजीत, आकाश भारद्वाज और अनीश शामिल हैं। महिला वर्ग में इलावेनिल वालारिवन, सोनम उत्तम मस्कर, विदार्सा के. विनोद, आषी चौकसे, तिलोत्तमा सेन, सुरुचि, ईशा सिंह, मनु भाकर और राही सरनोबत प्रशिक्षण ले रही हैं।
शिविर में शामिल शीर्ष निशानेबाजों का शानदार अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
भारतीय निशानेबाजी टीम में शामिल खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मनु भाकर ने ओलंपिक स्तर पर 10 मीटर एयर पिस्टल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में कांस्य पदक सहित दो ओलंपिक पदक अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उन्होंने यूथ ओलंपिक में स्वर्ण पदक, ISSF विश्व चैंपियनशिप में रजत, ISSF जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 4 स्वर्ण और 1 रजत, ISSF विश्व कप में 8 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य तथा एशियन चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए हैं। वर्तमान में वे 25 मीटर पिस्टल महिला में विश्व रैंकिंग में पहले और 10 मीटर एयर पिस्टल महिला में दूसरे स्थान पर हैं। 25 मीटर पिस्टल महिला में उनके नाम विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है।
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने भी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। उनके नाम ISSF विश्व चैंपियनशिप में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य, ISSF जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 1 स्वर्ण और 1 रजत, ISSF विश्व कप में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य तथा एशियन चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक हैं। एशियन गेम्स में भी उन्होंने रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में 11वां स्थान हासिल किया।
ईशा सिंह ने कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने ISSF विश्व चैंपियनशिप में 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य, ISSF जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 2 रजत, ISSF विश्व कप में 5 स्वर्ण और 3 रजत तथा ISSF जूनियर विश्व कप में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किए हैं। एशियन चैंपियनशिप में उनके नाम 5 स्वर्ण और 1 कांस्य तथा एशियन गेम्स में 2 रजत पदक हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने 25 मीटर पिस्टल महिला स्पर्धा में 18वां स्थान हासिल किया।
इन शीर्ष निशानेबाजों की उपलब्धियां भारतीय निशानेबाजी की मजबूत अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को दर्शाती हैं और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम की तैयारियों को नई मजबूती प्रदान करती हैं।
राइफल और पिस्टल के विशेषज्ञ कोच दे रहे प्रशिक्षण
कैंप में कुल 9 कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। विदेशी कोच थॉमस फार्निक राइफल और जलेना अरुनोविक पिस्टल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा समरेश जंग 10 मीटर पिस्टल के हेड कोच, विद्या जाधव 10 मीटर पिस्टल कोच, हरप्रीत सिंह 25 मीटर पिस्टल कोच, डी.एस. चंदेल 10 मीटर राइफल हाई परफॉर्मेंस कोच, पूजा घाटकर 10 मीटर राइफल कोच, मनोज कुमार 50 मीटर राइफल के हेड कोच तथा सतगुरुदास 50 मीटर राइफल कोच के रूप में दल के साथ हैं।
विशेषज्ञ सपोर्ट स्टाफ भी कैंप का हिस्सा
खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और मानसिक तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दल में हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूचैंप, हाई परफॉर्मेंस मैनेजर रौनक पंडित, तीन फिजियोथेरेपिस्ट—स्नेहिल खुराना, संचिता मुखर्जी और अनुज गुप्ता—शामिल हैं। इसके साथ ही विजेंद्र पाल सिंह एवं मयंक सिंह गरिया स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर तथा शिवम द्विवेदी एवं अक्षिता शेखोन स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश ने उपलब्ध कराई अत्याधुनिक शूटिंग सुविधाएं
इस विशेष तैयारी शिविर के आयोजन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की 10 मीटर, 25 मीटर एवं 50 मीटर रेंज, फाइनल रेंज तथा फिटनेस के लिए जिम की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे भारतीय निशानेबाजी टीम को एक ही परिसर में प्रशिक्षण एवं फिटनेस से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं।
भोपाल बना एशियन गेम्स की तैयारियों का महत्वपूर्ण केंद्र
भारतीय निशानेबाजी टीम के इस विशेष तैयारी शिविर से भोपाल को देश के प्रमुख हाई परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स ट्रेनिंग केंद्र के रूप में एक नई पहचान मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए राष्ट्रीय टीम का भोपाल में प्रशिक्षण लेना प्रदेश में विकसित खेल अधोसंरचना और शूटिंग अकादमी की सुविधाओं की उपयोगिता को भी रेखांकित करता है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।