भोपाल - फार्मर्स कंसोर्टियम फॉर एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उद्घाटन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
पीएम मोदी का सपना पूरा कर रहे हैं एफपीओ किसान उत्पादक नहीं, निर्यातक बनने की ओर अग्रसर: श्री तोमर भोपाल - किसान अपनी उपज पैदा करे, लेकिन उसके मूल्य का बड़ा हिस्सा किसी और के पास चला जाए, यह व्यवस्था टिकाऊ नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के किसान उत्पादक से निर्यातक बनें।
हमारे देश का किसान मेहनत करता है, उत्पादन करता है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती उत्पादन नहीं, बल्कि उत्पाद का उचित मूल्य, बाजार तक सीधी पहुंच, भंडारण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और व्यापारिक क्षमता रही है।
मुझे खुशी है कि मेरे केंद्रीय कृषि मंत्री रहते हुए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के रूप में एक पहल हुई जो आज किसानों की दशा बदलने में महत्वपूर्ण आयाम साबित हो रही है। ऐसे संगठित प्रयासों से ही किसानों की आय कई गुना बढ़ने का लक्ष्य भी पूर्ण होगा। यह बात मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कही।
वे फार्मर्स कंसोर्टियम फॉर एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर (एफएमसीएएस) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
कार्यक्रम में इफको के चेयरमैन, एनसीयूआई के अध्यक्ष और इंटरनेशनल कोऑपरेटिव अलायंस के सदस्य श्री दिलीप संघानी, एफएमसीएएस के चेयरमैन, नाफेड भारत सरकार के डायरेक्टर श्री अशोक ठाकुर सहित गणमान्य नागरिक, एफपीओ प्रतिनिध उपस्थित थे।
इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को आरंभ करते हुए श्री तोमर ने कहा कि आज का दिन केवल एक प्लेटफॉर्म के लांच का दिन नहीं है, बल्कि यह देश के लाखों किसानों को संगठित करने, उन्हें बाजार से जोड़ने, उनकी क्षमता बढ़ाने और उन्हें एक सशक्त किसान-उद्यमी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक नए प्रयास की शुरुआत का दिन है।
मुझे यह अवसर विशेष रूप से इसलिए भी महत्वपूर्ण लगता है क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व जब मुझे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के रूप में देश के कृषि क्षेत्र के लिए कार्य करने का अवसर मिला, उस समय किसानों की आय, उनकी बाजार तक पहुंच और उनकी सामूहिक शक्ति को लेकर लगातार विचार-विमर्श हो रहा था।
हमने यह महसूस किया कि यदि किसान अकेले बाजार में जाएगा तो उसकी उत्पाद बेचेने की क्षमता सीमित रहेगी। लेकिन यदि वही किसान संगठित होकर अपनी उपज का संग्रह करे, उसका प्रसंस्करण करे, ब्रांड बनाए और बाजार में सामूहिक रूप से उतरे, तो उसकी शक्ति कई गुना बढ़ सकती है।
इसी सोच के साथ देश में किसान उत्पादक संगठन यानी एफपीओ को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़े अभियान की शुरुआत हुई थी। इसके पीछे मूल विचार बहुत स्पष्ट था कि किसान केवल उत्पादक न रहे, बल्कि वह अपने उत्पादन की पूरी मूल्य शृंखला में भागीदार बने। श्री तोमर ने कहा कि आज देश में बड़ी संख्या में एफपीओ का गठन हो चुका है।
यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। अब हमारे सामने लक्ष्य है कि एफपीओ टिकाऊ और व्यापार समर्थ बन जाएं। इस दिशा में कार्य कर हम प्रधानमंत्री श्री मोदी का देश के किसानों के निर्यातक बन जाने का सपना पूरा कर सकेंगे।
श्री तोमर ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए एफएमसीएएस के श्री अशोक ठाकुर और टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एफपीओ को केवल एक संगठन के रूप में नहीं, बल्कि एक सक्षम, आत्मनिर्भर और व्यवसायिक संस्था के रूप में विकसित करने का संकल्प पूर्ण करने की दिशा में अहम् पहल की है।
यह संगठित प्रयास किसानों की स्थिति बदलने में अवश्य सक्षम होगा।