अपराध

भोपाल में गैस सिलेंडर और बाइक चोरी का खुलासा, गोविंदपुरा पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल में गैस सिलेंडर और बाइक चोरी का खुलासा, गोविंदपुरा पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

भोपाल। गोविंदपुरा थाना पुलिस ने गैस गोदामों और मकान से सिलेंडर चोरी करने के साथ ही दो थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चुराने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 26 गैस सिलेंडर और पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 4 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शक्ति नगर मार्केट में बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में मोटरसाइकिल नेहरू मार्केट, बरखेड़ा से चोरी करना बताया गया।

पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ में आरोपियों ने गोविंदपुरा और बागसेवनिया थाना क्षेत्रों से चार अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा दो गैस गोदामों के बाहर खड़े ट्रकों से रात के समय 10-10 सिलेंडर और शक्ति नगर स्थित व्यंजन होटल के पास एक मकान से छह गैस सिलेंडर चोरी करना भी बताया।

आरोपियों ने चोरी के सिलेंडर बीएचईएल के खंडहर क्वार्टर में छिपाकर रखने और मोटरसाइकिलों को अलग-अलग स्थानों पर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 23 सिलेंडर और पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पूछताछ में कुछ सिलेंडर मोहम्मद शावर कुरैशी को बेचने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर चोरी के खरीदे गए सिलेंडर जब्त किए। इस तरह पुलिस ने कुल 26 गैस सिलेंडर बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज सोनी (19), निवासी झंडा मोहल्ला, पिपलिया पेंदे खां, थाना बागसेवनिया, भोपाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम भाजीपानी, थाना बड़कुई, जिला छिंदवाड़ा का निवासी है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह तोमर सहित थाना गोविंदपुरा पुलिस की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।