भोपाल

भोपाल : इंदौर की तर्ज पर भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जाएगा भोपाल —कलेक्टर

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल :  इंदौर की तर्ज पर भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जाएगा भोपाल —कलेक्टर

इंदौर की तर्ज पर भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जाएगा भोपाल —कलेक्टर श्री मिश्रा रेस्क्यू के साथ पुनर्वास और काउंसलिंग पर रहेगा विशेष जोर नशे के हॉट-स्पॉट किये जायेंगे चिन्हित स्कूल-कॉलेजों में चलाएं व्यापक जागरूकता अभियान नशा मुक्त भारत एवं भिक्षावृत्ति मुक्त भोपाल अभियान की समीक्षा बैठक संपन्न

भोपाल : कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” और “भिक्षावृत्ति मुक्त भोपाल अभियान” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने भोपाल जिले को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए सामाजिक न्याय विभाग, नगर निगम एवं संस्था प्रवेश को समन्वय के साथ वृहद अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों के रेस्क्यू के साथ ही उनके समुचित पुनर्वास और काउंसलिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नागरिकों को जागरूक करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

भोपाल को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए इंदौर के सफल पुनर्वास-केंद्रित मॉडल से सीख लेते हुए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जिला ड्रग डिमांड रिडक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने नशे से प्रभावित हॉट-स्पॉट चिन्हित करने तथा स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। सामाजिक न्याय विभाग को अभियान के लिए सूक्ष्म स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि वे स्वयं तथा संबंधित अधिकारी विभिन्न संस्थाओं में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति जन- जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होंगे। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम और संकल्प दौड़ आयोजित की जा रही हैं।

सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि ड्रग्स अथवा नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी बिना भय के साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी नागरिक टोल-फ्री नंबर 1933 अथवा पोर्टल ncbmanas.gov.in के माध्यम से सूचना दे सकते हैं।

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण कर नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई कर रही हैं।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।