भोपाल में कैम्पियन स्कूल की अंतरविद्यालय प्रतियोगिता में रचनात्मकता का प्रदर्शन, सेंट जोसेफ को-एड स्कूल अरेरा कॉलोनी बना विजेता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
‘मैडवर्टाइजमेंट’ और ‘सा रे गा मार्केटिंग’ में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, संगीत, अभिनय और नए विचारों ने बांधा समां
भोपाल। कैंपियन स्कूल, अरेरा कॉलोनी में 15 अक्टूबर 2026 को सेंट एडमंड कैंपियन अंतरविद्यालय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भोपाल के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता और प्रस्तुति कौशल के माध्यम से अपनी मार्केटिंग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए विचार विकसित करने, रचनात्मक ढंग से सोचने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में मार्केटिंग के व्यावहारिक पहलुओं को समझने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फादर अमृतलाल टोप्पो एसजे और उपप्राचार्य फादर फेबियानुस खलखो एसजे उपस्थित रहे।
‘मैडवर्टाइजमेंट’ में दिखी अभिनय और कल्पनाशीलता
कार्यक्रम में पहली प्रतियोगिता ‘मैडवर्टाइजमेंट’ आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न उत्पादों के प्रचार और बिक्री के लिए आकर्षक विज्ञापन तैयार कर मंच पर प्रस्तुत किए। हास्यपूर्ण अंदाज, मनोरंजक अभिनय, प्रभावशाली संवाद और नए विचारों के जरिए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
दूसरी प्रतियोगिता ‘सा रे गा मार्केटिंग’ में विद्यार्थियों ने लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की धुनों के माध्यम से अपने ब्रांड और उत्पादों की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। संगीत और मार्केटिंग के इस अनूठे मेल ने कार्यक्रम को रोचक बना दिया। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, टीमवर्क और रचनात्मकता देखने को मिली।
सेंट जोसेफ को-एड स्कूल अरेरा कॉलोनी ने जीता खिताब
प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ को-एड स्कूल, अरेरा कॉलोनी ने विजेता का खिताब हासिल किया। सेंट जेवियर स्कूल, अवधपुरी प्रथम उपविजेता रहा, जबकि सेंट जोसेफ को-एड स्कूल, कोलार रोड ने द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रूपक खरे, शाश्वत पांडे और कैंपियन स्कूल के पूर्व विद्यार्थी हर्षल भावसार ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आकलन किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
विद्यालय के प्राचार्य फादर अमृतलाल टोप्पो एसजे ने विद्यार्थियों के उत्साह, रचनात्मक प्रयासों और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने प्रतियोगिता को विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपने कौशल को निखारने का बेहतर अवसर बताया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच, प्रभावी संवाद, टीमवर्क और आत्मविश्वास जैसे कौशल विकसित करने का अवसर दिया। प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और यादगार पलों से भरपूर रही।