भोपाल में करंट की चपेट में आई महिला की मौत:स्कूल की सफाई के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
भोपाल के शाहपुरा इलाके में स्कूल में सफाई का काम करने वाली 55 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला बुधवार शाम स्कूल में अचानक बेसुध होकर गिर गई थी। स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने करंट लगने की बात बताई।
इलाज के दौरान गुरुवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय रेखाबाई पति रामलाल, निवासी 12 नंबर मल्टी, शाहपुरा के रूप में हुई है। वह सील पब्लिक स्कूल, शाहपुरा में सफाई कार्य करती थीं।
अचानक बेसुध होकर गिर गई मृतका के भतीजे संजय खंडे ने बताया कि बुधवार शाम स्कूल की ओर से परिवार को सूचना दी गई कि रेखाबाई अचानक बेसुध होकर गिर गई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि रेखाबाई को करंट लगा है और उनका उपचार किया जा रहा है।
गंभीर हालत के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया था। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 9 महीने पहले पति की भी हुई थी मौत परिजनों के अनुसार रेखाबाई के पति रामलाल की करीब नौ महीने पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है।
पति की मौत के बाद वह अपने बेटे और बहू के साथ शाहपुरा में रह रही थीं। परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग के लिए वह निजी स्कूल में सफाई का काम करती थीं। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शाहपुरा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल में महिला किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आई। हादसे के दौरान वहां मौजूद लोगों और स्कूल प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
📡 स्रोत: NewsData.io