अपराध

भोपाल में खोए बैग के क्रेडिट कार्ड से 68,502 रुपये की साइबर ठगी, शाहपुरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 17 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल में खोए बैग के क्रेडिट कार्ड से 68,502 रुपये की साइबर ठगी, शाहपुरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

ओटीपी के जरिए ऑनलाइन मोबाइल खरीदने का आरोप, चार मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त

पत्रकार आज़म लाला की रिपोर्ट

भोपाल। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में खोए हुए बैग में रखे क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 68,502 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी करने के मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, दो चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी सुकन्या गाडगे ने 13 अक्टूबर 2026 को शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को उनका एक बैग गुम हो गया था, जिसमें आईफोन और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य दस्तावेज रखे थे। शिकायत के मुताबिक, 13 अक्टूबर को उनके क्रेडिट कार्ड से 68,502 रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 586/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्रेडिट कार्ड से हुए लेनदेन की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को शिवम कहार (28), निवासी ईडब्ल्यूएस 303, कोटरा सुल्तानाबाद, भोपाल और स्थायी निवासी ग्राम खापरखेड़ा, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने इडली एंड मोर रेस्टोरेंट के पास बैग मिलने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बैग में रखे मोबाइल का सिम कार्ड अपने मोबाइल में लगाकर क्रेडिट कार्ड के ओटीपी के माध्यम से 68,502 रुपये का लेनदेन किया और ऑनलाइन मोबाइल खरीदा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी के दोनों मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, दो चेकबुक, ऑनलाइन खरीदा गया नया मोबाइल और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मरकाम, उपनिरीक्षक हरीश गुजरभोज, सहायक उपनिरीक्षक एम.आर. धाकड़, प्रधान आरक्षक संदीप पाठक, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह, आरक्षक अंकित शर्मा और साइबर डीसीपी जोन-1 के आरक्षक पुष्पेंद्र भदौरिया की सराहनीय भूमिका रही।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।