भोपाल

भोपाल - कुपोषण के खिलाफ युद्ध स्तर पर करें प्रयास, संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने दिए निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 26 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल - कुपोषण के खिलाफ युद्ध स्तर पर करें प्रयास, संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने दिए निर्देश

भोपाल में महिला एवं बाल विकास विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संभाग के सभी जिलों में कुपोषण को दूर करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए।संभागायुक्त ने कहा कि अत्यधिक और मध्यम कुपोषित बच्चों के कुपोषण के वास्तविक कारणों की पहचान की जाए।

भोजन की उपलब्धता, चिकित्सकीय जटिलताओं और सामाजिक-व्यवहारगत परिस्थितियों का अध्ययन कर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 0 से 5 वर्ष तक के सेम और मेम बच्चों की पहचान, नियमित टीकाकरण, घर-घर स्वास्थ्य जानकारी और हेल्थ चेकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य डेटा का नियमित आकलन कर उन्हें कुपोषण के चक्र से बाहर निकालने पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के बीच समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं से जुड़े आंकड़ों में विसंगतियों को तत्काल दूर करने के साथ दस्तक अभियान, डायरिया नियंत्रण, एनआरसी भर्ती और चाइल्ड-मैटरनल हेल्थ के मापदंडों की संयुक्त ट्रैकिंग करने को कहा गया।

संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, आभा एवं अपार आईडी सहित अन्य शासकीय योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण कर मैदानी स्तर पर वास्तविक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कम पंजीयन पर संभागायुक्त ने असंतोष जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।