भोपाल

भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर व्यापारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात, कन्वर्जन फीस से लेकर FAR तक के मुद्दों पर पुनर्विचार का आश्वासन

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल मास्टर प्लान 2047 पर व्यापारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात, कन्वर्जन फीस से लेकर FAR तक के मुद्दों पर पुनर्विचार का आश्वासन

भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान 2047 के प्रारूप में प्रस्तावित प्रावधानों को लेकर भोपाल व्यापारी महासंघ एवं शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत किए। भोपाल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष आनंद सोनी और राजवीर सिंह के प्रयासों से हुई इस मुलाकात में व्यापारियों ने कन्वर्जन फीस, मिक्स्ड यूज, सड़क की चौड़ाई, FAR सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने मास्टर प्लान का प्रारूप प्रस्तुत करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने भोपाल मास्टर प्लान 2047 के ड्राफ्ट में आवश्यक सुधारों को लेकर आवेदन सौंपा और कहा कि योजना तैयार करते समय शहर के व्यापारियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य प्रभावित पक्षों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए।

व्यापारी प्रतिनिधियों ने मिक्स्ड यूज के प्रावधानों से सीमित लोगों को लाभ मिलने की आशंका जताते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की। इसके साथ ही अत्यधिक कन्वर्जन फीस, पूरे भोपाल में समान FAR के प्रावधान तथा 12 मीटर या 9 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर स्थित अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों से जुड़े मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।

व्यापारियों ने आग्रह किया कि मास्टर प्लान के प्रावधान व्यावहारिक हों और उनसे लंबे समय से कारोबार कर रहे व्यापारियों, अस्पतालों तथा अन्य प्रतिष्ठानों के हित प्रभावित न हों। उन्होंने योजना में सुधार करते समय शहर की मौजूदा परिस्थितियों और व्यापारिक गतिविधियों की जरूरतों को भी शामिल करने की मांग की।

भोपाल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष आनंद सोनी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार भविष्य में किसी का नुकसान नहीं होने देगी और सभी के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जाएंगे। इस आश्वासन के साथ मुलाकात सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।

भोपाल व्यापारी महासंघ ने उम्मीद जताई कि मास्टर प्लान 2047 के अंतिम प्रारूप में व्यापारियों और अन्य प्रभावित पक्षों के सुझावों पर समुचित विचार किया जाएगा, ताकि शहर के विकास के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों और नागरिक हितों के बीच संतुलन कायम रखा जा सके।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।