भोपाल- मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में ग्रामीणों को मिल रहा योजनाओं का लाभ, मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान
भोपाल जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के साथ उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायत कान्हासैया, कोलुआखुर्द, नरोन्हासाकल, छावनी पठार, पठरिया साकल, इटखेड़ीछाप और कोडिया सहित अन्य ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 18, समग्र ई-केवाईसी के 112, समग्र आईडी से जुड़े अन्य कार्यों के 48 और आधार अपडेशन के 13 आवेदनों का ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मौके पर ही निराकरण किया गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।