भोपाल के पिपलानी में 11 अक्टूबर से शुरू होगा 67वां रामलीला महोत्सव, डिजिटल प्रकाश व्यवस्था में होगा मंचन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। पिपलानी (भेल) स्थित विविध कला विकास समिति द्वारा 11 अक्टूबर से 12 दिवसीय रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। समिति इस वर्ष रामलीला आयोजन का 67वां वर्ष मना रही है। महोत्सव की शुरुआत श्रीराम दरबार और रंगमंच की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी। इस वर्ष रामलीला का मंचन डिजिटल प्रकाश व्यवस्था के साथ किया जाएगा।
समिति के मीडिया प्रवक्ता अतुल मालवीय ने बताया कि विविध कला विकास समिति कई वर्षों से रामलीला महोत्सव के साथ सुंदरकांड पाठ और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। रामलीला भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित एक प्रसिद्ध लोकनाट्य परंपरा है, जिसका मंचन मुख्य रूप से नवरात्रि और विजयादशमी के अवसर पर किया जाता है।
अतुल मालवीय के अनुसार, रामलीला की परंपरा का संबंध काशी में संत गोस्वामी तुलसीदास के समय से माना जाता है। यह लोकनाट्य परंपरा भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम रही है।
समिति अध्यक्ष रूपेश तैलंग, महाप्रबंधक बीएचईएल, और महासचिव आर.एस. अरोरा की उपस्थिति में श्रीराम दरबार एवं रंगमंच की पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।