भोपाल

भोपाल में राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री महोत्सव का शुभारंभ, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कारीगरों का बढ़ाया उत्साह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल में राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री महोत्सव का शुभारंभ, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कारीगरों का बढ़ाया उत्साह

बिट्टन मार्केट के दशहरा मैदान में 2 नवंबर तक चलेगा महोत्सव,

देशभर के हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों को मिला मंच

भोपाल, अक्टूबर 27: राजधानी के बिट्टन मार्केट स्थित दशहरा मैदान में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नाबार्ड और ओजस्विनी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री महोत्सव का शुभारंभ किया। 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

ग्रामीण कारीगरों की प्रतिभा को मिला मंच महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि यह प्रदर्शनी ग्रामीण कारीगरों की प्रतिभा, मेहनत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का अच्छा उदाहरण है। ऐसे आयोजन कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराते हैं।

राज्यपाल ने लोगों से महोत्सव में पहुंचकर हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पाद खरीदने तथा हुनरमंद कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर मजबूत हो सकते हैं।

महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा

राज्यपाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजन में नाबार्ड, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक और ओजस्विनी के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के उत्पादों और शिल्प परंपराओं को एक मंच पर लाने वाले ऐसे आयोजन ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करते हैं।

महोत्सव में आगंतुकों को देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प और ग्रामीण उत्पादों को देखने तथा खरीदने का अवसर मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को बढ़ावा देना है।

-------------------

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।