भोपाल

भोपाल में साइबर सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण, संवेदनशील डेटा संरक्षण पर अधिकारियों को दी जानकारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल में साइबर सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण, संवेदनशील डेटा संरक्षण पर अधिकारियों को दी जानकारी

डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर सुरक्षा और संवेदनशील डेटा के संरक्षण को लेकर भोपाल में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मार्गदर्शन में जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी, भोपाल द्वारा ई-दक्ष केंद्र में यह प्रशिक्षण आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत साइबर विवाद समाधान ढांचे और कंप्यूटर संसाधनों एवं संवेदनशील डेटा के संरक्षण से जुड़े विधिक और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला न्यायालय, जिला अभियोजन कार्यालय, साइबर सेल भोपाल और नगरीय पुलिस के साइबर सेल से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

विशेषज्ञों ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, कानूनी प्रावधानों, साइबर विवादों के समाधान और साइबर घटना होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, गोपनीय अभिलेखों और संवेदनशील डेटा का संरक्षण तथा डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग के व्यावहारिक पहलुओं को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करना और डिजिटल प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।