भोपाल- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों एवं संभागायुक्तों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित बैठक में भी इस संबंध में निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला मुख्यालयों पर जिला प्रशासन द्वारा पुलिस बल तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से 3 से 5 किलोमीटर की एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) आयोजित की जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस बल, खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, महाविद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थाओं में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, स्लोगन एवं लघु वीडियो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के विषय ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ तथा ‘युवाओं की राष्ट्रीय एकता में भूमिका’ आदि रखे जा सकते हैं। आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, आपातकालीन चिकित्सा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।