भोपाल

भोपाल- श्रमिकों का कल्याण समावेशी विकास की आधारशिला, संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 29 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल- श्रमिकों का कल्याण समावेशी विकास की आधारशिला, संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

भोपाल। संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा है कि श्रमिकों का कल्याण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के समावेशी और सशक्त विकास की आधारशिला है।

उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्य वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

श्रम विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में संभाग आयुक्त ने कहा कि हर श्रमिक को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सभी जिलों में श्रमिकों का प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना के अंतर्गत बीमा कराने के निर्देश दिए।

साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और असंगठित श्रमिकों को अभियान चलाकर योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। बैठक में भोपाल संभाग के सभी जिलों में श्रम विभाग की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

संभाग आयुक्त ने संबल 2.0 पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबल 2.0 और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर श्रम विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए लक्ष्य के अनुरूप विशेष रणनीति तैयार की जाए।

संभागीय अधिकारी प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करें।

उन्होंने कहा कि माइक्रो प्लानिंग के साथ रोजाना कार्य करने से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सकता है।समीक्षा बैठक के दौरान रायसेन के श्रम विभाग अधिकारी हरदीप सिंह सैनी को विभागीय योजनाओं की प्रगति में शिथिलता बरतने और योजनाओं की सही प्रस्तुति नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त श्रम विभाग शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित भोपाल संभाग के सभी जिलों के श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।