भोपाल

भोपाल - विगत 20 दिनों में विभिन्न जिलों से चोरी किए गए 110 वाहन जब्‍त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भोपाल - विगत 20 दिनों में विभिन्न जिलों से चोरी किए गए 110 वाहन जब्‍त

मध्यप्रदेश पुलिस की वाहन चोरों के विरुद्ध कार्रवाई

विगत 20 दिनों में विभिन्न जिलों से चोरी किए गए 110 वाहन जब्‍त

भोपाल - मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी के लिए प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 20 दिनों में विभिन्न जिलों में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार पतारसी के आधार पर वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी किए गए 110 वाहन जब्‍त किए हैं। कार्रवाई में वाहन चोरी से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है।

गुना में अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा—24 मोटरसाइकिलें जब्‍त

गुना पुलिस की चांचौड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गुना, इंदौर, राजगढ़ तथा राजस्थान के विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 24 मोटरसाइकिलें जब्‍त की।

बैतूल में वाहन चोर से 22 मोटरसाइकिलें जब्‍त

बैतूल की थाना भैंसदेही पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई 21 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, जब्‍त की।

वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की 01 मोटरसाइकिल जब्‍त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्‍त की है।

ग्वालियर- 22 मोटरसाइकिलें जब्‍त

डबरा सिटी पुलिस ने एक वाहन चोर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर 19 मोटरसाइकिलें जब्‍त कीं।

थाना मुरार पुलिस ने जनभागीदारी से लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ एक विधिविरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया।

इसके अतिरिक्‍त थाना भितरवार पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 2 मोटरसाइकिलें जब्‍त कीं।

इस प्रकार ग्वालियर पुलिस ने वाहन चोरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्‍त कीं।

जबलपुर - 13 मोटरसाइकिलें जब्‍त

जबलपुर की थाना हनुमानताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधिविरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर 6 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 दुपहिया वाहन, 5 मोबाइल और चाकू जब्‍त किए है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

टीकमगढ़ - अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश

टीकमगढ़ की कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख 90 हजार रुपये है, जब्‍त की है।

इसी प्रकार इंदौर से 02 थार व 01 स्कॉर्पियों कुल तीन वाहन, धार से 2 मोटरसाइकिलें एवं 01 पिकअप वाहन, मंदसौर से 3, नरसिंहपुर से 3, छिंदवाड़ा से 2, खंडवा, उमरिया, सागर, सीहोर, विदिशा एवं छतरपुर से 1-1 मोटरसाइकिल जब्‍त की गई है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार पतारसी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप चोरी के वाहनों की पहचान एवं बरामदगी के साथ वाहन चोरी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।