भोपाल- विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर 112 लोगों की स्क्रीनिंग, 24 को मिला उपचार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय भोपाल के मनकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 112 लोगों की मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 24 लोगों को उपचार और परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा और सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल, डॉ. निशांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने किया। वक्ताओं ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को उचित उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में टेलीमानस सेवा और मनहित ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। टेलीमानस के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए 14416 या 1800-891-4416 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। आयोजकों के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के कार्यक्रम आगामी एक सप्ताह तक जारी रहेंगे।