देश

भोरंज और बड़सर में चलाया गया तंबाकू नियंत्रण अभियान

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 17, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतीश कुमार फोटेदार के निर्देशानुसार जिला टास्क फोर्स टीम द्वारा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री की अध्यक्षता में स्वास्थ्य खंड भोरंज और बड़सर में तंबाकू नियंत्रण अभियान चलाया गया। इस दौरान सेक्शन 6(B) के तहत 2 चालान, सेक्शन 4 के तहत 3 चालान तथा सेक्शन 6(A) के तहत 4 चालान किए गए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने आम जनता एवं दुकानदारों से अपील की कि जिन दुकानदारों ने तंबाकू उत्पाद बेचने का लाइसेंस अभी तक प्राप्त नहीं किया है, लेकिन लाइसेंस की फीस जमा करवा दी है, वे पंचायत सचिव से संपर्क कर अपने रिकॉर्ड का सत्यापन करवाएं। जिन दुकानदारों के पास तंबाकू बेचने का लाइसेंस उपलब्ध है, वे उसे अपनी दुकान के सामने वाली दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि खुली सिगरेट की बिक्री न करें तथा तंबाकू उत्पादों को दुकान के सामने खुले तौर पर प्रदर्शित न करें। साथ ही, दुकान पर निर्धारित आकार 60×30 सेंटीमीटर का चेतावनी बोर्ड प्रदर्शित करें, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा हो कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचे जाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खुली सिगरेट बेचते हुए पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है तथा बार-बार उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ अन्य दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन दुकानदारों ने स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने का लाइसेंस ले रखा है, वे अपना लाइसेंस अतिशीघ्र संबंधित विभाग में जमा करवाएं। डॉ. अजय अत्री ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण को लेकर यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता एवं दुकानदारों से तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।