राजनीति

भ्रामक समाचार प्रकाशित करने और समझौते के दबाव का आरोप, पुलिस आयुक्त से शिकायत

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 24 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भ्रामक समाचार प्रकाशित करने और समझौते के दबाव का आरोप, पुलिस आयुक्त से शिकायत

भोपाल। डी-70/3, निखिल बंग्लो, होशंगाबाद रोड निवासी आशीष चौहान ने अपने संबंध में प्रकाशित कथित भ्रामक एवं मानहानिकारक समाचार को लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। 24 सितंबर को प्रस्तुत आवेदन में उन्होंने समाचारों से अपनी सामाजिक एवं पारिवारिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, ‘ग्वालियर हलचल’ और ‘भारतीय जनशक्ति’ नामक समाचार पत्रों में प्रकाशित एक खबर में आशीष चौहान को ऊर्जा मंत्री का करीबी बताते हुए लोगों से कथित रूप से दो करोड़ रुपये की ठगी करने वाला व्यक्ति बताया गया। शिकायत में कहा गया है कि समाचार में विवादित जमीन के सौदे, धोखाधड़ी तथा भोपाल और ग्वालियर में विभिन्न मामलों में वांछित अथवा आरोपी होने संबंधी दावे भी प्रकाशित किए गए।

फोटो
फोटो
फोटो
फोटो

आशीष चौहान ने शिकायत में इन खबरों में दी गई जानकारी को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। उनका कहना है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद उनकी सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। उन्होंने समाचार के संबंध में अपना पक्ष रखने और स्पष्टीकरण मांगने के लिए संबंधित समाचार पत्र के मालिक अथवा संचालक से संपर्क किए जाने की बात भी आवेदन में कही है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उनकी सहमति के बिना एक अन्य समाचार प्रकाशित किया गया, जिसमें उनके और संबंधित पक्ष के बीच समझौता अथवा राजीनामा होने का उल्लेख किया गया। चौहान का कहना है कि उन्होंने किसी समझौते के लिए सहमति नहीं दी थी।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद समाचार पत्र के मालिक अथवा संबंधित व्यक्तियों की ओर से समझौते के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने विभिन्न माध्यमों से धमकी और मानसिक दबाव दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके संबंध में और भ्रामक समाचार प्रकाशित कर उन्हें परेशान किया जा सकता है।

आशीष चौहान ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की जांच कर शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा उन्हें सुरक्षा एवं उचित संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।