भूख हड़ताल के 16वें दिन देवेंद्र नाथ महतो की हालत बिगड़ी

अगस्त 17, नई दिल्ली: झारखंड में छात्रों की मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। भूख हड़ताल के 16वें दिन सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 15 अगस्त के बाद से उनकी स्वास्थ्य स्थिति ज्यादा खराब हुई है। आज मेडिकल जांच में उनका ब्लड प्रेशर 84/39 mmHg दर्ज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें सीने में दर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी और शरीर में बढ़ती कमजोरी की शिकायत है।जांच में शरीर में कीटोन की मात्रा भी पाई गई है। सदर अस्पताल में एक्स-रे, रक्त जांच, शुगर टेस्ट समेत कई जरूरी जांच लगातार की जा रही हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, लगातार इलाज और मेडिकल निगरानी के बावजूद देवेंद्र नाथ महतो ने भूख हड़ताल जारी रखी है। वहीं, स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होने के बावजूद देवेंद्र नाथ महतो अपनी मांगों पर कायम हैं। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन को लेकर सरकार पर भी लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।
फोटो- अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो