राज्य

Bhupendra Patel ने अमेरिका में गुजरात की नयी Tourism Policy में निवेश की अपील की

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Bhupendra Patel ने अमेरिका में गुजरात की नयी Tourism Policy में निवेश की अपील की

सागर कुलकर्णी वाशिंगटन, 19 अगस्त गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार एक नयी पर्यटन नीति ला रही है। उन्होंने साथ ही कारोबारी समूहों से राज्य में निवेश करने की अपील की। पटेल ने यहां विश्व उमिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार एक नयी पर्यटन नीति ला रही है। मैं राज्य में होटल और उससे जुड़े आधारभूत संरचना के विकास में निवेश करने के लिए आपको आमंत्रित करता हूं।’’ मुख्यमंत्री आगामी ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ के दौरान राज्य में निवेश आकर्षित करने की कोशिशों के तहत विश्व बैंक और भारतीय मूल के कारोबारियों के साथ बैठकें कीं।

पटेल के सैन फ्रांसिस्को से यहां पहुंचने पर विश्व उमिया फाउंडेशन के नेतृत्व में गुजराती समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। सैन फ्रांसिस्को में उन्होंने सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा और जैव प्रौद्योगिकी के लिए राज्य को एक वैश्विक केंद्र बनाने की योजनाओं को रेखांकित किया था।

पटेल अमेरिका और कनाडा की यात्रा पर हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य दुनिया भर के उद्योगपतियों, निवेशकों और प्रौद्योगिकी दिग्गजों को आने वाले ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027’ में शामिल होने और गुजरात में निवेश करने के लिए आमंत्रित करना है।

मुख्यमंत्री विश्व बैंक में एक संवाद सत्र में शामिल हुए, जहां उन्होंने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) के बारे में एक प्रस्तुति दी।

पटेल ने अमेरिका में अपनी मुलाकातों के दौरान गुजरात को भारत के विकास के इंजन के तौर पर पेश किया है और ‘विकसित गुजरात-2047’ के जरिए 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में अगुवाई करने के अपने संकल्प को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, गुजरात सेमीकंडक्टर, एआई, डेटा सेंटर और जैव प्रौद्योगिकी जैसे नए युग के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा और उन्हें भरोसा है कि ‘वाइब्रेंट गुजरात समिट 2027’ इन लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत मंच साबित होगा।

पिछला वाइब्रेंट गुजरात समिट जनवरी 2024 में हुआ था, जबकि हर दो साल में होने वाले इस कार्यक्रम का 11वां संस्करण 2027 में आयोजित किया जाना है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।