राजनीति

बीएचईएल कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सीएमडी से मिला BMS महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 15 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बीएचईएल कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सीएमडी से मिला BMS महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

भोपाल। बीएचईएल कर्मचारियों की लंबित मांगों और विभिन्न इकाइयों में सामने आ रही समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय BMS-भेल महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने 14 सितंबर को BHEL के सीएमडी के.एस. मूर्ति से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों को मिलने वाली इंसेंटिव राशि में वृद्धि करने की मांग की। संगठन का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इंसेंटिव व्यवस्था को अधिक प्रभावी और कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बनाया जाना चाहिए। इस संबंध में जल्द कमेटी की बैठक बुलाने की मांग भी रखी गई। इस कमेटी में भेल भोपाल के महामंत्री कमलेश नागपुरे को केंद्रीय यूनियन के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया गया है।

बैठक में सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के पात्र आश्रितों के लिए अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने और इसके लिए स्थायी एवं पारदर्शी नीति लागू करने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने BHEL की विभिन्न इकाइयों में उपलब्ध खाली भूमि का उपयोग करते हुए कर्मचारियों को रियायती दरों पर आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग रखी।

कोविड-19 के दौरान दिवंगत हुए BHEL कर्मचारियों के परिवारों को पूर्व में दी जा रही पेंशनरूपी आर्थिक सहायता को पुनः शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने अपनी-अपनी इकाइयों से संबंधित प्रमुख समस्याओं और कर्मचारी हित के अन्य मुद्दों को सीएमडी के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने BHEL में हाल में भर्ती हुए कर्मचारियों को A3 का प्रारंभिक बेसिक दिए जाने की मांग की। साथ ही इंजीनियर और सुपरवाइजर ट्रेनी की तर्ज पर वेतन व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी गई। BHEL अस्पतालों में नियमित पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की भर्ती का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल में भेल भोपाल के महामंत्री कमलेश नागपुरे, PSENC के उप महामंत्री विनोद कुमार विसे, भेल BMS महासंघ के अध्यक्ष ओ.पी. शुक्ला, महामंत्री इंद्रपाल शर्मा और वाराणसी यूनिट के अध्यक्ष शंकर दयाल श्रीवास्तव शामिल रहे।

भारतीय मजदूर संघ एवं भेल महासंघ ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रबंधन की ओर से सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।