बिहार के बेतिया में घर में बस घुसी, 5 मौतें:बच्चे के जन्म के कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा चल रही थी, पिता की भी जान गई
बेतिया में हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा प्रोग्राम में जा घुसी। वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुई।
मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। देवेंद्र दुबे के बच्चे की छठी थी, उसी कार्यक्रम में डांस हो रहा था। जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मृतकों में बच्चे के पिता देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं।
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे से जुड़ी कुछ तस्वीरें… ट्रक से बचने के दौरान हादसा शुक्रवार की रात गोरखपुर से बेतिया की ओर यात्री बस आ रही थी। बगहा-लौरिया मेन रोड पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हुई।
इसी दौरान सड़क किनारे आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में बस घुस गई। वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसे बस से रौंद दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घायलों का GMCH में चल रहा इलाज हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को बेतिया जीएमसीएच भेजा, जहां सभी का इलाज चल रहा है। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो, और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
लोगों ने बस- ट्रक में तोड़फोड़ की हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही ऑर्केस्ट्रा में लगी कुर्सियों और स्पीकर को भी तोड़ा। हंगामे को देखते हुए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
📡 स्रोत: Dainik Bhaskar