भोपाल

बिजली सप्लाई के बॉक्स या मौत का सामान? टीला जमालपुरा में करंट की चपेट में गाय की मौत

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बिजली सप्लाई के बॉक्स या मौत का सामान? टीला जमालपुरा में करंट की चपेट में गाय की मौत

बारिश के दौरान विद्युत बॉक्स और आसपास करंट फैलने की शिकायतों ने बढ़ाई रहवासियों की चिंता, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

भोपाल, टीला जमालपुरा। राजधानी के टीला जमालपुरा इलाके में बारिश के बीच बिजली के करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है और इलाके की विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में बिजली आपूर्ति के लिए अंडरग्राउंड लाइन बिछाई गई है और प्रत्येक गली में सप्लाई से जुड़े इलेक्ट्रिक बॉक्स लगाए गए हैं। रहवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान इन बॉक्सों और उनके आसपास करंट फैलने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।

स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछली बारिश के दौरान भी विद्युत बॉक्स और आसपास के हिस्सों में करंट फैलने की शिकायत की गई थी। इसके बावजूद अब तक ऐसी स्थिति से स्थायी रूप से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। इसी बीच करंट की चपेट में आने से गाय की मौत ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।

गाय की मौत के बाद इंसानी सुरक्षा को लेकर चिंता हादसे के बाद रहवासियों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि खुले या जलभराव वाले हिस्से में फैला करंट किसी बच्चे, बुजुर्ग या राहगीर की चपेट में आ जाए तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते हैं।

लोगों का सवाल है कि यदि बारिश के दौरान विद्युत व्यवस्था से करंट फैलने की शिकायत पहले से सामने आ रही थी, तो संबंधित बिजली विभाग द्वारा इलाके के इलेक्ट्रिक बॉक्स, केबल और अंडरग्राउंड लाइन की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच क्यों नहीं कराई गई?

रहवासियों ने मांग की है कि हादसे की तत्काल जांच कर यह पता लगाया जाए कि करंट किस स्थान से लीक होकर सड़क अथवा आसपास के हिस्से तक पहुंचा। इसके साथ ही इलाके में लगाए गए सभी इलेक्ट्रिक बॉक्स, केबल और अंडरग्राउंड विद्युत लाइन की तकनीकी जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। हादसे के बाद अब जवाबदेही का सवाल

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना केवल एक बेजुबान पशु की मौत तक सीमित नहीं है। बारिश के दौरान यदि किसी विद्युत उपकरण या लाइन में लीकेज की आशंका है, तो यह सीधे तौर पर आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

अब सवाल यह है कि बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करेगा या उससे पहले विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर जरूरी सुधार करेगा?

टीला जमालपुरा के रहवासियों की मांग है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए विद्युत व्यवस्था की जांच कराई जाए और भविष्य में बारिश के दौरान करंट फैलने की आशंका को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।