बीजरी गांव में 5 फीट का मगरमच्छ घुसाः 4 घंटे बाद माधव टाइगर रिजर्व टीम ने पकड़ा

शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के बीजरी गांव में सोमवार सुबह ग्रामीणों में उस समय दहशत फैल गई जब गांव के पास करीब पांच फीट लंबा मगरमच्छ देखा गया। सूचना मिलने के लगभग चार घंटे बाद माधव टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
मगरमच्छ को देखते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। लोगों को आशंका थी कि मगरमच्छ गांव की ओर बढ़ सकता है, जिससे उनमें भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी। करीब चार घंटे के इंतजार के बाद माधव टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची।
टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने का अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद, टीम ने लगभग पांच फीट लंबे मगरमच्छ को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। अनुमान है कि मगरमच्छ बारिश के नाले के रास्ते गांव तक पहुंचा होगा। यह नाला टामकी गांव से होकर गुजरने वाली सिंध नदी से मिलता है।
आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ अटल सागर बांध के कैचमेंट एरिया से निकलकर सिंध नदी में आया और फिर बारिश के पानी के साथ नाले के जरिए गांव के नजदीक तक पहुंच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बीजरी गांव में मगरमच्छ दिखाई देने की यह पहली घटना है। इससे पहले गांव के आसपास मगरमच्छ देखे जाने की कोई जानकारी नहीं थी।
रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को अब माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र की सांख्य सागर झील में छोड़ा जाएगा।