व्यापार

बीकानेर में नए डाक क्षेत्रीय कार्यालय को मंजूरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बीकानेर में नए डाक क्षेत्रीय कार्यालय को मंजूरी

मिलेगा लाभ; डाक सेवाओं के संचालन और निगरानी में आएगी तेजी

बीकानेर,(14 अक्टूबर)। पश्चिमी राजस्थान के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बीकानेर में नए डाक क्षेत्रीय कार्यालय के गठन को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने इस संबंध में 31 जुलाई 2026 को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर बीकानेर डाक क्षेत्र के गठन की मांग उठाई थी। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में डाक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अर्जुनराम मेघवाल ने अपने पत्र में बीकानेर, नागौर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रशासनिक आवश्यकताओं तथा स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों की सुविधाओं का उल्लेख किया था। उन्होंने पश्चिमी राजस्थान के विशाल भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए अलग डाक क्षेत्रीय कार्यालय की आवश्यकता पर जोर दिया था।

उन्होंने कहा था कि अलग डाक क्षेत्र बनने से डाक सेवाओं के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही डाक वितरण को समयबद्ध बनाने, प्रशासनिक निगरानी मजबूत करने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार सेवाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी। नए क्षेत्रीय कार्यालय की स्वीकृति से पश्चिमी राजस्थान में डाक विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

इससे आम नागरिकों के साथ व्यापारियों और स्थानीय उद्यमियों को भी लाभ मिल सकता है। क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी और समन्वय बेहतर होने से डाक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आने की संभावना है। बीकानेर में डाक क्षेत्रीय कार्यालय के गठन को पश्चिमी राजस्थान में डाक सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।