व्यापार

बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस व चंदिया रोड पैसेंजर में लगेंगे एलएचबी कोच

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस व चंदिया रोड पैसेंजर में लगेंगे एलएचबी कोच

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर और चिरमिरी क्षेत्र के रेल यात्रियों को सौगात दी है। यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से अब बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस और चिरमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर ट्रेन के पुराने पारंपरिक कोचों को हटाकर अत्याधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।

नवंबर के पहले सप्ताह से ही यात्रियों को इस नई सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। रेलवे प्रशासन यात्रियों की बदलती जरूरतों के अनुसार ट्रेनों को लगातार अपग्रेड कर रहा है। पुराने कोचों को चरणबद्ध तरीके से हटाने का यह अभियान रेलवे के आधुनिकीकरण और संरक्षित परिचालन की दिशा में एक अहम कदम है।

बिलासपुर-चिरमिरी एक्सप्रेस 18257/18258 ट्रेन बिलासपुर से 1 नवंबर को और वापसी में चिरमिरी से 2 नवंबर से पूरी तरह आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ पटरियों पर दौड़ेगी। इसी तरह चिरमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर 58221/58222 ट्रेन भी दोनों ही दिशाओं से 2 नवंबर से नए एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी।

रेलवे के अनुसार, जर्मन तकनीक पर आधारित एलएचबी कोच पारंपरिक आईसीएफ कोचों से काफी बेहतर और सुरक्षित होते हैं। इन कोचों में शानदार सस्पेंशन होता है, जिससे यात्रा के दौरान झटके और कंपन न के बराबर महसूस होते हैं।

इनकी आधुनिक कपलिंग प्रणाली दुर्घटना की स्थिति में डिब्बों को एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने से रोकती है, जिससे जानमाल का नुकसान कम होता है। इनमें बेहतर डिस्क ब्रेकिंग सिस्टम, आकर्षक इंटीरियर और ज्यादा स्पेस होता है, जो सफर की थकान को कम करता है। बिलासपुर-चिरमिरी रेल मार्ग इस पूरे क्षेत्र के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण लाइफलाइन है।

इस रूट की ट्रेनों में आधुनिक एलएचबी कोच लगने से बिलासपुर और चिरमिरी सहित मार्ग के सभी स्टेशनों के हजारों यात्रियों को सीधा फायदा होगा। विशेषकर लंबी दूरी के यात्रियों के लिए यह आरामदायक सफर एक बड़ा वरदान साबित होगा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।