राजनीति

BJP नेता सचिन कश्यप के हत्यारों का एनकाउंटर हो:बरेली में साथी नेता बोले- कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं, 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
BJP नेता सचिन कश्यप के हत्यारों का एनकाउंटर हो:बरेली में साथी नेता बोले- कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं, 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

बरेली के मढ़ीनाथ में शुक्रवार रात बीजेपी नेता सचिन कश्यप की हत्या के तीन दिन बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सचिन की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।

मामले में सचिन की पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी सगे भाइयों बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, उनकी मां गुड्डी और आशीष मौर्य के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

जुआ-सट्टे और अवैध वसूली का विरोध करने पर रंजिश भाजपा महानगर महामंत्री जितेंद्र शर्मा और परिजनों के अनुसार, आरोपी बाबू, आशीष और उनके साथी इलाके में अवैध वसूली, छिनैती, सट्टा और जुआ खिलवाने का काम करते हैं। भाजपा मढ़ीनाथ मंडल के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे सचिन कश्यप इन अवैध गतिविधियों का लगातार विरोध करते थे।

करीब एक माह पूर्व भी आरोपियों ने सचिन के साथ मारपीट की थी, जिसकी तहरीर थाने में दी गई थी। तब आरोपियों के परिजनों के माफी मांगने पर समझौता हो गया था। इसी रंजिश में शुक्रवार रात मांझे वाली बगिया के पास घात लगाकर बैठे आरोपियों ने सचिन पर चाकू व गुप्ती से हमला कर उनकी जान ले ली।

प्रिंटिंग प्रेस चलाकर पालते थे परिवार सचिन के भाई सनी ने बताया- वह प्रिंटिंग प्रेस में काम करके पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। परिवार में बुजुर्ग पिता, छोटा भाई, पांच बहनें, पत्नी गुड़िया देवी और तीन छोटे बच्चे हैं।

सचिन की बड़ी बेटी महिमा (12), छोटी बेटी अरुणा (8) और सबसे छोटा बेटा शिवांश (4) पिता की मौत के बाद से रो-रोकर बेहाल हैं। मासूम शिवांश बार-बार पूछ रहा है कि 'पापा कब आएंगे।' वहीं वारदात के बाद से सचिन की पत्नी गुड़िया देवी ने अन्न का दाना तक नहीं छुआ है।

वह बार-बार रोते-बिलखते कह रही हैं, "अब इन छोटे-छोटे बच्चों का पेट कौन पालेगा, इतनी बड़ी पहाड़ जैसी जिंदगी अब किसके सहारे गुजरेगी।" बुजुर्ग मां-बाप भी बदहवास हैं और कह रहे हैं कि 'हे भगवान मेरे बेटे की जगह मुझे उठा लेते।' भाजपा नेता बोले- सरकार में पदाधिकारी सुरक्षित नहीं भाजपा महानगर महामंत्री जितेंद्र शर्मा ने कहा- यह बेहद गंभीर विषय है कि भाजपा सरकार में पार्टी के पदाधिकारी की ही चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई, ऐसे में आम पब्लिक का क्या हाल होगा?

हालांकि, इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पर भरोसा जताते हुए कहा- हमें योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर पूरा विश्वास है। जिस बर्बरता से हमारे पदाधिकारी को मौत के घाट उतारा गया है, इन हत्यारों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। हमारे साथी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी।

उन्होंने आरोपियों के अवैध ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की। हत्यारों की तलाश में एसओजी समेत पुलिस की 3 टीमें गठित सीओ सिटी सेकेंड नितिन कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात मढ़ीनाथ में सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, चौकी इंचार्ज और प्रभारी निरीक्षक सुभाषनगर के नेतृत्व में पुलिस की 3 टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ​घटनाक्रम की टाइमलाइन...

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।