राज्य

ब्रिक्स प्रतिनिधि आज जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों का करेंगे भ्रमण

लेखक: AIR Jaipur अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

जयपुर, 20 अगस्त। ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि गुरूवार को जयपुर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित दूसरी ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह की बैठक के क्रम में प्रतिनिधि हवा महल, सिटी पैलेस और आमेर पैलेस का दौरा करेंगे।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, कला और स्थापत्य विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। जयपुर के ऐतिहासिक स्मारकों के माध्यम से उन्हें प्रदेश की पर्यटन विविधता और विरासत संरक्षण की जानकारी भी मिलेगी। इससे पहले बुधवार को जयपुर में ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में सदस्य देशों के बीच पर्यटन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और आपसी अनुभव साझा करने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार ने की।

बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और पर्यटन, सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन, पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास, क्षमता निर्माण तथा यात्रियों के लिए निर्बाध यात्रा सुविधा जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्य समूह की चर्चाओं से शुक्रवार को होने वाली ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक के लिए प्राथमिकताओं और आगे की कार्ययोजना का आधार तैयार होगा।

A
AIR Jaipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।