बूंदी में राज्य स्तरीय हॉकी का आगाज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बूंदी में 17वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 38 टीमें और 700 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
बूंदी, 1 अक्टूबर। बूंदी में 17वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने किया। प्रतियोगिता में राजस्थान के सभी जिलों से कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें 700 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। खिलाड़ियों के मुकाबलों के लिए जिले में चार खेल मैदान चयनित किए गए हैं, जहां अलग-अलग मैच आयोजित होंगे।
शुभारंभ समारोह के दौरान प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, आपसी भाईचारे और बेहतर समन्वय के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हाड़ौती की धरती पर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में हॉकी प्रतियोगिता होने से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के लिए रहने, भोजन और खेल सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ी पूरी तरह खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, बूंदी नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खेलकर्मी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए मुकाबलों में उतरेंगे।
बाईट__ मदन दिलावर, शिक्षा पंचायती राज मंत्री
बाईट__ अर्चना तंवर, जिला शिक्षा अधिकारी