CG Quarterly Exam 2026: 21 सितंबर से कक्षा 1 से 12वीं की तिमाही परीक्षाएं, यहां देखें पूरा शेड्यूल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 1 से 12वीं तक होने वाली तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है।संशोधित समय-सारणी के अनुसार, तिमाही परीक्षा की शुरुआत सोमवार, 21 सितंबर से होगी।
प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में अलग-अलग कक्षाओं के विषयों के अनुसार परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर के बीच आयोजित की जाएंगी, जबकि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर पर विषयवार परीक्षाएं 21 से 30 सितंबर तक होगी। प्राथमिक और माध्यमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रखी गई है।
वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। कक्षा पहली से आठवीं के लिए: 21 सितंबर को हिन्दी, 22 सितंबर को गणित और 23 सितंबर को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। कक्षा तीसरी से पांचवीं के लिए: 21 से 23 सितंबर तक हिंदी, गणित और अंग्रेजी। 24 सितंबर को पर्यावरण विषय की परीक्षा होगी।
कक्षा छठी से आठवीं के लिए: 21-22 सितंबर को हिंदी-गणित, 23 सितंबर को विज्ञान, 24 सितंबर को अंग्रेजी, 25 सितंबर को सामाजिक विज्ञान और 26 सितंबर को संस्कृत की परीक्षा निर्धारित की गई है। कक्षा पहली और दूसरी के लिए: 24 सितंबर के बाद की विषयवार परीक्षा नहीं रखी गई है।
कक्षा नौवीं और दसवीं के लिए: कक्षा 9वीं में क्रमशः हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा संस्कृत एवं अन्य तृतीय भाषाओं की परीक्षाएं होंगी।
कक्षा 10वीं में पहले दिन गणित, दूसरे दिन हिन्दी, तीसरे दिन अंग्रेजी, चौथे दिन सामाजिक विज्ञान, पांचवें दिन संस्कृत एवं अन्य तृतीय भाषाएं और छठे दिन विज्ञान की परीक्षा होगी। 11वीं और 12वीं में अलग-अलग संकाय एवं विषयों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसमें हिन्दी, अंग्रेजी, भौतिक शास्त्र, भूगोल, व्यवसाय अध्ययन, रसायनशास्त्र, लेखाशास्त्र, विज्ञान, जीवविज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र सहित अन्य विषय शामिल हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक व्यावसायिक विषयों की परीक्षा भी समय-सारणी में शामिल की गई है।
इनमें आईटी, ऑर्गेनाइज्ड रिटेल, ऑटोमोबाइल सर्विस टेक्निशियन, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर, ब्यूटी एंड वेलनेस, टेलीकम्युनिकेशन, बैंकिंग फाइनेंशियल सहित अन्य व्यावसायिक विषय शामिल हैं। कक्षा 9वीं और 10वीं के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा 28 सितंबर 2026 को होगी।
कक्षा 11वीं और 12वीं के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा 30 सितंबर 2026 को निर्धारित की गई है। परीक्षा संचालन और जिला स्तरीय समितियों से संबंधित निर्देश यथावत रहेंगे। परीक्षाएं अब संशोधित टाइम-टेबल के अनुसार आयोजित की जाएंगी। तिमाही परीक्षा के बाद दिसंबर में अर्धवार्षिक परीक्षा होंगी।
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, अर्धवार्षिक परीक्षा 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। कक्षा 1 से 8वीं तक की परीक्षाएं विषय के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह में होंगी, जबकि 9वीं से 12वीं की परीक्षाएं 11 दिसंबर 2026 तक चलेंगी।
📡 स्रोत: NewsData.io