चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर सक्ती जिला प्रशासन अलर्ट, 29 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सक्ती। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से संभावित अतिवर्षा को देखते हुए सक्ती जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कलेक्टर जयश्री जैन ने जिले के लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि बांधों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है। इसके साथ ही गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
प्रशासन ने किसानों से धान की कटाई रोकने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है। वहीं, संभावित बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए जिला और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग प्रशासन से संपर्क कर सकें।