व्यापार

चंबा की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करना मेरी प्राथमिकता: महाजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
चंबा की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करना मेरी प्राथमिकता: महाजन

सितंबर 22, शिमला (हिमाचल प्रदेश): सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि चंबा जिले की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। इससे पहले भी उनकी पहल और पैरवी के परिणामस्वरूप पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधीन लाया गया था। उन्होंने बताया कि पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग पर अनेक महत्वपूर्ण पास, टनल और ब्रिज प्रस्तावित हैं तथा इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।

इस मार्ग के विकास से चंबा और भरमौर क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। महाजन ने कहा कि पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग को एनएचएआई के अधीन लाने तथा चंबा-किलाड़ मार्ग को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक सड़क परियोजना में शामिल करने के निर्णय चंबा जिले के सड़क ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से चुराह, पांगी और किलाड़ जैसे सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों के लिए बेहतर संपर्क विकास के नए अवसर प्रदान करेगा। इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की अपेक्षा है। हर्ष महाजन ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के 13 अगस्त 2026 के आदेश में हिमाचल प्रदेश से संबंधित तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता-II में स्थान दिया गया है।

इनमें चंबा-किलाड़ सड़क का राष्ट्रीय राजमार्ग डबल लेन मानकों के अनुरूप निर्माण, खानागुंती-लामखागा दर्रा-हरसिल सड़क तथा वांगतु-मुड-अट्टरगू सड़क परियोजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय द्वारा इन परियोजनाओं को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक सड़क परियोजनाओं की सूची में शामिल करना हिमाचल प्रदेश के कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय है।

महाजन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों की सड़क परियोजनाओं का रणनीतिक महत्व होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के जीवन से भी सीधा संबंध है। बेहतर सड़क संपर्क से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, शिक्षा, पर्यटन और व्यापार को लाभ मिलने की उम्मीद है।

हर्ष महाजन ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

इसका लाभ हिमाचल प्रदेश के कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले जिलों को भी मिल रहा है। महाजन ने कहा कि चंबा जिले के विकास और यहां के लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी निरंतर प्राथमिकता रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से चंबा सहित प्रदेश के अन्य दुर्गम क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी चंबा जिले की सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।